भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 18 और 19 नवंबर को चेन्नई, तिरुवल्लुर और चेंगलपट्टू में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है।
पूर्वानुमान के मुताबिक, यह सिस्टम 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट पर नेल्लोर और टुनी के बीच टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120–130 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने और झोंके 145 किमी प्रति घंटे तक चलने की आशंका है।
लगातार भारी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक और सार्वजनिक परिवहन प्रभावित हो सकते हैं।
IMD ने 17 और 18 नवंबर को समुद्र में खराब स्थिति को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। समुद्र में मौजूद मछुआरों को सुरक्षित वापस लौटने की अपील की गई है।
प्रशासन और मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।




