टाटा समूह में एक बार फिर अंदरूनी विवाद सामने आया है। दिवंगत रतन टाटा के छोटे भाई और सर रतन टाटा ट्रस्ट (SRTT) के वरिष्ठ ट्रस्टी जिमी नवल टाटा ने टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
जिमी टाटा का आरोप है कि नोएल टाटा चैरिटेबल ट्रस्ट्स का इस्तेमाल करके टाटा संस पर अपना नियंत्रण बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ट्रस्ट्स में नोएल टाटा के परिवार के सदस्यों की नियुक्ति को टाटा संस पर ‘बैकडोर टेकओवर’ की कोशिश बताया है।
जिमी टाटा ने टाटा संस के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन में किए गए बदलावों की आलोचना की है। साथ ही उन्होंने एन. चंद्रशेखरन को टाटा संस के चेयरमैन के रूप में दोबारा नियुक्त करने और कंपनी को शेयर बाजार में लिस्ट करने के प्रस्ताव का समर्थन किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, नोएल टाटा के तीन बच्चे लिया, माया और नेविल टाटा को टाटा ट्रस्ट्स की अलग-अलग इकाइयों में शामिल किया गया है। जिमी टाटा का मानना है कि एक ही ट्रस्ट में एक परिवार के कई सदस्यों की मौजूदगी उचित नहीं है।
टाटा ट्रस्ट्स के वाइस चेयरमैन विजय सिंह के अनुसार, जिमी टाटा किसी व्यक्ति विशेष का समर्थन नहीं कर रहे हैं। वह अपनी स्वतंत्र राय रख रहे हैं और किसी कानूनी विवाद में भी शामिल नहीं हैं।
गौरतलब है कि सर रतन टाटा ट्रस्ट और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट जैसे संस्थानों की स्थापना जनकल्याण के उद्देश्य से की गई थी। इन ट्रस्ट्स का मकसद गरीबी दूर करना और भारतीय संस्कृति का संरक्षण करना है।




