राजकोट: गुजरात के राजकोट जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूटर और ट्रक की जोरदार टक्कर में एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 5 साल की मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि महिला करीब 4 महीने की गर्भवती थी।
जानकारी के मुताबिक, 33 वर्षीय मितेश वाघेला अपनी 25 वर्षीय पत्नी कविताबेन और बेटी के साथ स्कूटर पर जा रहे थे। इसी दौरान उनका स्कूटर एक ट्रक से टकरा गया। हादसा इतना भयानक था कि पति-पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगा रही है।




