पठानकोट: सोशल मीडिया पर अनजान लिंक पर क्लिक करना कितना भारी पड़ सकता है, इसका ताजा मामला पठानकोट के गांव बखनूर से सामने आया है। यहां फेसबुक पर स्टेप काउंटिंग ऐप डाउनलोड करने के चक्कर में एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने उसका मोबाइल फोन हैक कर अलग-अलग बैंक खातों से करीब 1 लाख 38 हजार रुपये निकाल लिए।
जानकारी के मुताबिक, गांव बखनूर निवासी रोहित 22 नवंबर को अपने मोबाइल पर फेसबुक चला रहा था। इसी दौरान उसकी स्क्रीन पर स्टेप काउंटिंग ऐप का लिंक दिखाई दिया। जैसे ही उसने ऐप डाउनलोड करने के लिए लिंक पर क्लिक किया, उसका मोबाइल हैक हो गया और साइबर ठगों ने फोन का एक्सेस हासिल कर लिया।
इसके बाद ठगों ने कई अवैध ट्रांजैक्शन के जरिए उसके बैंक खातों से 1.38 लाख रुपये निकाल लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पठानकोट साइबर क्राइम पुलिस के इंस्पेक्टर अमित सिंह के मुताबिक, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी अनजान ऐप को डाउनलोड करने से बचें।




