विश्व प्रसिद्ध भगवान बदरीविशाल धाम के कपाट सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का विधिवत समापन भी हो जाएगा।
कपाट बंद होने से पहले सुबह भगवान बदरीविशाल का विशेष अभिषेक और भव्य पुष्प श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहेगा।
धार्मिक परंपरा के अनुसार, शाम को मंदिर के मुख्य पुजारी (रावल) माता लक्ष्मी मंदिर में विशेष कढ़ाई भोग पूजा संपन्न करेंगे। इसके बाद रावल स्त्री वेश धारण कर माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान कराएंगे। तत्पश्चात उद्धव जी, कुबेर जी और गरुड़ जी की देव डोलियों को गर्भगृह से बाहर लाया जाएगा। सभी धार्मिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद शुभ मुहूर्त में मंदिर के मुख्य कपाट बंद कर दिए जाएंगे।
इस वर्ष 23 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से अब तक 23 लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की भारी संख्या ने इस साल की चारधाम यात्रा को खास बना दिया।
कपाट बंद होने के अगले दिन मंगलवार सुबह भगवान की देव डोलियां और आदि गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी। देव डोलियां पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर पहुंचेंगी।
अगले छह महीनों तक श्रद्धालु इन शीतकालीन पूजा स्थलों पर भगवान बदरीविशाल के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। आगामी यात्रा सीजन में बदरीनाथ धाम के कपाट एक बार फिर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जाएंगे।




