दिल्ली: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मौसम को लेकर ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार, दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, दिल्ली-NCR समेत उत्तर और मध्य भारत के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
इसके अलावा तमिलनाडु और केरल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में गरज-चमक के साथ आंधी और तटीय कर्नाटक व तेलंगाना में हल्की बारिश हो सकती है।
लक्षद्वीप में भी बारिश की संभावना है, जबकि 25 और 26 नवंबर को यहां कई स्थानों पर बारिश का दायरा बढ़ सकता है।
दिल्ली-NCR के लोगों को फिलहाल बारिश से राहत रहेगी। राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश की कोई खास संभावना नहीं है।
वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है। बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। हालांकि, छत्तीसगढ़ में 25 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इसके साथ ही नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सुबह के समय कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है।
इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 25 से 28 नवंबर के बीच हल्की और छिटपुट बारिश हो सकती है।
IMD की सलाह: दक्षिण भारत के बारिश और तेज हवाओं से प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोग मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखें और आंधी-तूफान के दौरान सावधानी बरतें।




