सोल: दक्षिण कोरिया में कॉलेज प्रवेश परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए अपनाया गया एक तरीका बड़ा विवाद बन गया। मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री चोई क्यो-जिन ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
दरअसल, गुरुवार को दक्षिण कोरिया में वार्षिक कॉलेज प्रवेश परीक्षा ‘सुनयुंग’ आयोजित की गई थी। इससे पहले एक राष्ट्रीय परीक्षा के टॉपर 34 वर्षीय हान वोन-सियोक ने वीडियो संदेश जारी कर स्वीकार किया था कि उसने माइक्रो कैमरा, स्मार्टफोन और AI उपकरणों की मदद से नकल की थी। इसके बाद परीक्षा में नकल रोकने के लिए अधिकारियों ने सख्त कदम उठाए।
परीक्षा के दिन सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक देशभर के मोबाइल फोन पर तीन आपातकालीन अलर्ट भेजे गए। इसके चलते साइलेंट मोड पर रखे गए मोबाइल फोन और पर्यटकों के फोन भी एक साथ बजने लगे। इस कदम का उद्देश्य परीक्षा केंद्रों में छिपाकर रखे गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का पता लगाना था।
इतना ही नहीं, परीक्षार्थियों को अपनी शर्ट और जैकेट के बटन ढकने पड़े, जबकि उनके चश्मों की भी जांच की गई। अचानक लागू किए गए इन नियमों से परीक्षा देने पहुंचे ईमानदार छात्रों में भी डर और भ्रम का माहौल पैदा हो गया।
शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक, करीब पांच लाख छात्रों ने इस नौ घंटे की परीक्षा में हिस्सा लिया। इस दौरान 111 परीक्षार्थियों के पास अनधिकृत स्मार्ट उपकरण पाए गए।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए शिक्षा मंत्री चोई क्यो-जिन ने कहा कि प्रभारी मंत्री होने के नाते वह पहले से उचित तैयारी करने में विफल रहने की जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। इसी कारण उन्होंने परीक्षा समाप्त होने के बाद इस्तीफा देने का फैसला किया।




