भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक नशा तस्करी के प्रयासों को नाकाम करने के लिए चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान BSF को बड़ी सफलता मिली है। 27वीं बटालियन के जवानों ने गांव धींदोवाल के खेतों से एक संदिग्ध पैकेट बरामद किया, जिसमें से 1 किलो 13 ग्राम हेरोइन मिली।
जानकारी के मुताबिक, BSF की 27वीं बटालियन के जवान BOP चंदू वडाला के अंतर्गत आने वाले सीमावर्ती क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान कलानौर के नजदीक स्थित गांव धींदोवाल के खेतों में उन्हें एक संदिग्ध पैकेट दिखाई दिया। जवानों ने जब पैकेट खोलकर जांच की तो उसमें हेरोइन बरामद हुई।
हेरोइन की बरामदगी के बाद BSF और कलानौर पुलिस ने संयुक्त रूप से आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्षेत्र में कहीं और भी नशीले पदार्थों की खेप या कोई संदिग्ध वस्तु तो मौजूद नहीं है।
इसके अलावा जांच एजेंसियां बरामद हेरोइन के स्रोत और इसके पीछे शामिल तस्करों का पता लगाने में भी जुटी हैं। फिलहाल सीमावर्ती इलाके में BSF और पुलिस का संयुक्त तलाशी अभियान जारी है।




