जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर ऐमा मांगट के नजदीक एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। इस भीषण हादसे में एक महिला और 8 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जिला बुलंदशहर के गांव गंगा हरी निवासी कांस्टेबल उमेश कुमार (40) अपनी पत्नी, सास रजनी देवी और चार बेटियों के साथ कार में सवार होकर माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे। जब उनकी कार ऐमा मांगट कस्बे के पास पहुंची तो कथित तौर पर चालक को अचानक नींद आ गई। इसके चलते कार बेकाबू होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में रजनी देवी (55), पत्नी महक सिंह, और उमेश कुमार की 8 वर्षीय बेटी सृष्टि की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, उमेश कुमार और उनकी दो बेटियां अंशी (10) तथा आरुषि (6) गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिवार की 10 महीने की मासूम बच्ची इस हादसे में सुरक्षित बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही रोड सेफ्टी फोर्स की टीम, जिसमें ASI बूटा सिंह, कांस्टेबल रणजीत सिंह और कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल थे, तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सिविल अस्पताल मुकेरियां पहुंचाया।
वहीं, दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है।




