सीकर: शुक्रवार तड़के खाटू श्याम जी मंदिर के नए निकास मार्ग पर स्थित एक भोजनालय में भीषण आग लग गई। इस दौरान भोजनालय में रखे चार गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। देखते ही देखते आग ने पूरे भोजनालय को अपनी चपेट में ले लिया और लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी और व्यापारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। मंदिर समिति और प्रशासन की दमकल गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। परिसर में रखे अन्य गैस सिलेंडरों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
गौरतलब है कि खाटू श्याम जी में इन दिनों वार्षिक जयंती मेला चल रहा है, जिसमें लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सुबह-सुबह आग लगने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।




