दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में दिल्ली में रेलवे विकास के लिए ₹2,711 करोड़ का रिकॉर्ड आवंटन किया गया है। इसके तहत 13 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाएगा, जबकि ₹8,976 करोड़ की लागत वाली परियोजनाएं फिलहाल जारी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निवेश से रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और राजधानी की कनेक्टिविटी में सुधार होगा। उन्होंने इस आवंटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।
वहीं, नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने से दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा और आसान होगी। यह ट्रेन गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर और प्रयागराज से होकर गुजरेगी, जिससे पर्यटकों, श्रद्धालुओं और व्यापारियों को फायदा मिलेगा।
‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली कैंट, दिल्ली सराय रोहिल्ला, शाहदरा, नरेला, सफदरजंग, बिजवासन, सब्जी मंडी, तिलक ब्रिज और आदर्श नगर शामिल हैं।
पुनर्विकास परियोजना के तहत स्टेशन भवनों को आधुनिक बनाया जाएगा और प्रवेश-निकास व्यवस्था में सुधार होगा। यात्रियों के लिए वेटिंग एरिया, शौचालय, पेयजल, प्लेटफॉर्म शेल्टर, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, एस्केलेटर और पार्किंग जैसी सुविधाएं अपग्रेड की जाएंगी। दिव्यांग यात्रियों के लिए भी बेहतर पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट साइड पर होल्डिंग एरिया का काम पूरा हो चुका है, जबकि डबल बेसमेंट और एलिवेटेड रोड का निर्माण शुरू हो गया है। हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर सराय काले खां की तरफ दूसरा प्रवेश द्वार विकसित किया जा रहा है, जहां लिफ्ट, एस्केलेटर, टिकट काउंटर, शौचालय और विस्तारित फुट ओवरब्रिज जैसी सुविधाएं होंगी।
दिल्ली कैंट, सफदरजंग, बिजवासन, नरेला, सब्जी मंडी और तिलक ब्रिज स्टेशनों पर भी विकास कार्य जारी हैं। इन परियोजनाओं से दिल्ली का रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर आधुनिक होगा और लाखों यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।




