गोराया नेशनल हाईवे पर ड्राइविंग टेस्ट सेंटर के पास सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, फिल्लौर की तरफ से आ रही स्प्लेंडर बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
हादसे की सूचना राहगीर ने सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) को दी। इंचार्ज सरबजीत सिंह की अगुवाई में टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद 108 एंबुलेंस और नेशनल हाईवे एंबुलेंस की मदद से दोनों युवकों को सिविल अस्पताल फगवाड़ा पहुंचाया गया।
SSF के मुताबिक, घायलों के पहचान पत्रों से जानकारी जुटाकर गांव के सरपंच के माध्यम से उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।




