नई दिल्ली: दिल्ली हाई कोर्ट ने बुजुर्गों के अधिकारों को लेकर एक अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई वरिष्ठ नागरिक अपनी खुद की कमाई से खरीदी गई संपत्ति से अपने बेटे और बहू को बेदखल करना चाहता है, तो उसे उनके द्वारा उत्पीड़न या दुर्व्यवहार किए जाने का ठोस सबूत देना जरूरी नहीं है। अदालत के अनुसार, यह दिखाना पर्याप्त है कि बुजुर्ग को अपने घर में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने के लिए संपत्ति पर नियंत्रण की जरूरत है।
जस्टिस अमित महाजन की पीठ ने जिला मजिस्ट्रेट और संभागीय आयुक्त के उन आदेशों को रद्द कर दिया, जिनमें 85 वर्षीय बुजुर्ग की बेदखली संबंधी याचिका खारिज कर दी गई थी। बुजुर्ग ने दक्षिण दिल्ली के मस्जिद मोठ स्थित अपने मकान से बड़े बेटे और बहू को बाहर निकालने की मांग की थी।
अदालत ने बेटे और बहू को चार सप्ताह के भीतर मकान खाली करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित थाने के SHO को आदेश दिया कि जरूरत पड़ने पर बुजुर्ग को बेदखली का आदेश लागू करवाने के लिए हर संभव पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाए।
अपने ही घर में सम्मान से रहने का अधिकार
अदालत ने कहा कि किसी भी वरिष्ठ नागरिक को उसकी इच्छा के विरुद्ध अपने ही घर में बच्चों के साथ रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। खासकर तब, जब पारिवारिक रिश्ते इतने खराब हो चुके हों कि बुजुर्ग को वर्ष 2022 से कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ रही हो और पुलिस की सहायता तक लेनी पड़ रही हो।
कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि 85 वर्ष की उम्र में बुजुर्ग को अपने घर में शांति, सुरक्षा और सम्मान के साथ रहने का पूरा अधिकार है।
अधिकारियों ने कानून में न होने वाली शर्त लगाई
हाई कोर्ट ने कहा कि संबंधित अधिकारियों ने गलत तरीके से यह मान लिया था कि घर से बेटे-बहू को बेदखल करवाने के लिए पहले उत्पीड़न के ठोस सबूत पेश करना जरूरी है। जबकि माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 या दिल्ली के 2009 के नियमों में ऐसी कोई अनिवार्यता नहीं है।
अदालत ने कहा कि बुजुर्गों के साथ होने वाला उत्पीड़न अक्सर घर की चारदीवारी के भीतर होता है, इसलिए स्वतंत्र गवाहों या अन्य ठोस सबूतों के जरिए इसे साबित करना मुश्किल हो सकता है। इस तरह की कार्यवाही संक्षिप्त प्रकृति की होती है और इसमें दीवानी या आपराधिक मुकदमों जैसे सख्त सबूतों के मानक लागू नहीं किए जा सकते।
जांच रिपोर्ट में भी पाई गईं खामियां
अदालत ने SDM की ओर से तैयार की गई जांच रिपोर्टों पर भी सवाल उठाए। पहली रिपोर्ट में केवल इतना कहा गया था कि उत्पीड़न के आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी। वहीं, दूसरी रिपोर्ट में भी उपलब्ध साक्ष्यों और घर के दौरे से जुड़ी जानकारी का उचित विश्लेषण नहीं किया गया था।
कोर्ट ने कहा कि बिना ठोस कारण और साक्ष्यों के केवल यह लिख देना कि उत्पीड़न साबित नहीं हुआ, कानूनी रूप से उचित निष्कर्ष नहीं माना जा सकता।
1980 में खरीदा था मकान
मामले के अनुसार, बुजुर्ग ने वर्ष 1980 में दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) से यह संपत्ति खरीदी थी और 2000 में इसे फ्रीहोल्ड करवा लिया था। वह इस मकान के पूर्ण मालिक हैं। उनके बेटे और बहू ने संपत्ति पर मालिकाना हक का कोई दावा नहीं किया था और वे पारिवारिक रिश्ते के आधार पर वहां रह रहे थे।
बुजुर्ग ने वर्ष 2022 में वरिष्ठ नागरिक अधिनियम के तहत अधिकारियों से संपर्क किया था। उनका आरोप था कि बेटे और बहू से मकान खाली करने के लिए कहने के बावजूद उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया और उनका व्यवहार भी लगातार खराब होता गया।
जिला मजिस्ट्रेट ने अगस्त 2023 में उनकी याचिका खारिज कर दी थी। दोबारा विचार के लिए मामला भेजे जाने के बाद अक्टूबर 2025 में फिर याचिका खारिज हुई। अप्रैल 2026 में संभागीय आयुक्त ने भी इस फैसले को बरकरार रखा था।
इसके बाद बुजुर्ग ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अदालत ने उनकी याचिका स्वीकार करते हुए जिला मजिस्ट्रेट के 28 अक्टूबर 2025 और संभागीय आयुक्त के 28 अप्रैल 2026 के आदेश रद्द कर दिए।
हाई कोर्ट के इस फैसले के बाद अब बेटे और बहू को चार सप्ताह के भीतर मकान खाली करना होगा।




