तरनतारन: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तरनतारन पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने दो अलग-अलग संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नशीले पदार्थों की दो बड़ी खेप बरामद की हैं। इन कार्रवाइयों में कुल 4 किलो 34 ग्राम हेरोइन और 4 किलो 905 ग्राम अफीम जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए फिरोजपुर रेंज के डीआईजी स्नेहदीप शर्मा ने बताया कि पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के निर्देशों के तहत भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई गई है।
पहली कार्रवाई थाना सराय अमानत खां की पुलिस और BSF की संयुक्त टीम ने गांव कलस में की। थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह बाजवा के नेतृत्व में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान खेतों में पड़ा एक संदिग्ध पैकेट बरामद हुआ। जांच करने पर उसमें से 4 किलो 34 ग्राम हेरोइन मिली। पैकिंग सामग्री का वजन 402 ग्राम था।
वहीं, दूसरी कार्रवाई थाना खालड़ा की पुलिस और BSF ने सीमावर्ती गांव माड़ी कंबोके में की। यहां खेतों में पड़े एक संदिग्ध पैकेट की तलाशी लेने पर 4 किलो 905 ग्राम अफीम बरामद हुई। पैकिंग सामग्री का वजन 677 ग्राम पाया गया।
डीआईजी ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि दोनों खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारतीय क्षेत्र में भेजी गई थीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन नशीले पदार्थों को किसने मंगवाया था और इन्हें आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
इसके अलावा सीमा पार बैठे तस्करों के स्थानीय संपर्कों की पहचान भी की जा रही है। पुलिस और BSF ने स्पष्ट किया है कि सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी को रोकने के लिए निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




