जालंधर: शहर में निजी वाहनों पर बिना अनुमति हूटर और सायरन लगाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करने जा रही है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि हूटर और सायरन का इस्तेमाल केवल अधिकृत विभागों और अधिकारियों द्वारा ही किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग निजी गाड़ियों पर हूटर-सायरन लगाकर ट्रैफिक में प्राथमिकता हासिल करने और दूसरे वाहनों से आगे निकलने की कोशिश करते हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और सड़क पर हादसों का खतरा भी बढ़ता है।
पुलिस कमिश्नर ने ट्रैफिक पुलिस को ऐसे वाहनों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी कि बिना अनुमति हूटर या सायरन लगाने और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।




