Thursday, November 26, 2026
HomeLatest Newsजालंधर में कूड़े का निपटारा आग लगाकर किया जा रहा, जहरीले धुएं...

जालंधर में कूड़े का निपटारा आग लगाकर किया जा रहा, जहरीले धुएं से लोग परेशान

जालंधर में प्रदूषण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन नगर निगम की ओर से इस पर प्रभावी कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही। शहर के कई इलाकों में कूड़े और हॉर्टिकल्चर वेस्ट को इकट्ठा कर प्रोसेस करने की बजाय आग लगाकर जलाया जा रहा है। इससे निकलने वाला जहरीला धुआं आसपास रहने वाले लोगों और दुकानदारों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन रहा है।

हैरानी की बात यह है कि नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT), सुप्रीम कोर्ट और विभिन्न अदालतें प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दे चुकी हैं। इसके बावजूद शहर में कूड़ा जलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2016 के तहत कूड़ा जलाने पर जुर्माने का प्रावधान है। नगर निगम ऐसे मामलों में 25 हजार रुपये तक जुर्माना लगा सकता है, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही।

शहर के रैनक बाजार, शेखां बाजार और अन्य अंदरूनी बाजारों में सफाई व्यवस्था की कमी इस समस्या को और बढ़ा रही है। कई जगह नियमित सफाई नहीं होती और संकरी गलियों में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी नहीं पहुंच पातीं। इसके चलते कूड़ा जमा होता रहता है और कई बार इसे उठाने की बजाय आग लगा दी जाती है। दोपहर और शाम के समय उठने वाला धुआं दुकानदारों और स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।

दुकानदारों का कहना है कि वे कई बार मेयर और नगर निगम कमिश्नर के सामने यह मुद्दा उठा चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

मुख्य सड़कों और ग्रीन बेल्ट के आसपास खाली पड़ी जगहों पर भी लगातार कूड़ा फेंका जा रहा है। कई स्थान अवैध डंपिंग पॉइंट बन चुके हैं, जहां कूड़े में आग लगा दी जाती है। इसके अलावा पार्कों में पत्तियां, टहनियां और अन्य हॉर्टिकल्चर वेस्ट भी उचित निस्तारण के बजाय जला दिया जाता है। इससे सुबह-शाम सैर करने वाले लोगों और आसपास रहने वाले परिवारों को जहरीले धुएं का सामना करना पड़ता है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब शहर की सफाई और कूड़ा प्रबंधन की जिम्मेदारी नगर निगम के पास है, तो उसके अधीन आने वाले इलाकों में खुलेआम कूड़ा कैसे जलाया जा रहा है?

नगर निगम को बाजारों में नियमित सफाई, समय पर कूड़ा उठाने और हॉर्टिकल्चर वेस्ट के उचित निस्तारण की व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही कूड़ा जलाने वालों की पहचान कर नियमों के अनुसार जुर्माना और कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो जालंधर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के दावे सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह जाएंगे।

spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img