गांव बल्लोपुर में ढाई साल के मासूम गुरसाज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर घर के सामने गली में खेलते समय लापता हुए बच्चे का शव रविवार को पड़ोसी के घर की छत से बरामद हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह पड़ोसी की छत तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव बल्लोपुर निवासी गुरविंदर सिंह का ढाई वर्षीय बेटा गुरसाज शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे घर के सामने गली में खेल रहा था। बच्चे के दादा बहादुर सिंह के मुताबिक, करीब 20 मिनट बाद जब परिजनों ने उसकी तलाश की तो वह वहां से गायब था। इसके बाद परिवार ने आसपास की गलियों, मोहल्लों और रिश्तेदारों के घरों में उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने लालड़ू पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत देकर उसे तलाशने की गुहार लगाई।
रविवार को पड़ोसी के घर की छत से गुरसाज का शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जिस बच्चे की सुरक्षित वापसी के लिए परिवार और गांव के लोग दुआ कर रहे थे, उसकी मौत की खबर से हर कोई स्तब्ध रह गया।
बच्चा घर के सामने से अचानक कैसे लापता हुआ और पड़ोसी के घर की छत तक कैसे पहुंचा, यह घटना अब कई सवाल खड़े कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे की मौत हादसे के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
घटना की सूचना मिलते ही लालड़ू थाना पुलिस और CIA की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। पुलिस बच्चे के लापता होने से लेकर उसका शव मिलने तक की घटनाओं की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। आसपास के घरों और घटनास्थल की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार गहरे सदमे में है और ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिनसे इस मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।



