पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। होशियारपुर की सेंट्रल जेल में नशा छुड़ाने वाले सेंटर का एक कर्मचारी ड्यूटी पर जाते समय नशीले पदार्थों और मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वह अपनी ड्यूटी की आड़ में जेल के अंदर नशीले पदार्थ पहुंचाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने जेल प्रशासन की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
थाना सिटी होशियारपुर के SHO अनिल कुमार के अनुसार, पुलिस को सेंट्रल जेल के असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट जसवंत सिंह की ओर से शिकायत पत्र मिला था।
शिकायत के मुताबिक, मेडिकल विभाग के ओट सेंटर (नशा छुड़ाओ सेंटर) में काम करने वाला कर्मचारी रजत जेल में नशे के आदी कैदियों को दवाइयां और काउंसलिंग देने की ड्यूटी करता था।
जब रजत अपनी ड्यूटी के लिए जेल के अंदर जा रहा था, तो तलाशी के दौरान उसके पास से 40 ग्राम और 51 ग्राम, कुल 91 ग्राम नशीला पदार्थ, 98 नशीले कैप्सूल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
SHO अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस को शक है कि आरोपी अपनी ड्यूटी की आड़ में जेल के अंदर नशीले पदार्थों की सप्लाई और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी रजत (पुत्र संजीव कुमार), निवासी खुन-खुन कलां, थाना टांडा, जिला होशियारपुर के खिलाफ FIR नंबर 298, दिनांक 13 नवंबर 2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20, 22, 61 और 85 में मामला दर्ज किया है।
आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि बरामद नशीले पदार्थ कहां से लाए गए थे और इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
पुलिस अब इस पूरे मामले के पीछे जुड़े नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।



