लुधियाना: अंब-अंदौरा से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे बोर्ड ने नंगल डैम रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव को मंजूरी दे दी है। इसके बाद उत्तरी रेलवे ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। फिलहाल यह स्टॉपेज 5 महीने के ट्रायल के तौर पर रहेगा। इस दौरान रेलवे यात्रियों की संख्या और टिकट बिक्री का आकलन करेगा। यदि ट्रायल सफल रहा तो इस ठहराव को स्थायी रूप से लागू किया जा सकता है।
रेलवे की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, ट्रेन संख्या 22448 अंब-अंदौरा–नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस 29 जुलाई से नंगल डैम स्टेशन पर रुकेगी। ट्रेन दोपहर 1:00 बजे अंब-अंदौरा से रवाना होकर 1:21 बजे ऊना पहुंचेगी। यहां दो मिनट के ठहराव के बाद 1:23 बजे आगे रवाना होगी और 1:43 बजे नंगल डैम पहुंचेगी। यहां लगभग 10 मिनट रुकने के बाद ट्रेन 1:53 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना होगी। इसके बाद यह 2:08 बजे श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद आगे का सफर जारी रखेगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 22447 नई दिल्ली–अंब-अंदौरा वंदे भारत एक्सप्रेस का नंगल डैम स्टेशन पर ठहराव 30 जुलाई से शुरू होगा। यह ट्रेन सुबह 10:18 बजे नंगल डैम पहुंचेगी और 10:20 बजे ऊना के लिए रवाना होगी।
गौरतलब है कि अब तक अंब-अंदौरा से नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस केवल अंब-अंदौरा, ऊना, श्री आनंदपुर साहिब और चंडीगढ़ रेलवे स्टेशनों पर ही रुकती थी। नंगल डैम स्टेशन के जुड़ने के बाद यह इस रूट का पांचवां आधिकारिक स्टॉप बन जाएगा। इससे नंगल डैम और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली और अन्य शहरों की यात्रा में अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है। यदि पांच महीने का ट्रायल सफल रहता है, तो रेलवे इस ठहराव को स्थायी मंजूरी दे सकता है।



