अमृतसर: पंजाब बंद के दौरान अमृतसर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्रदर्शन के चलते सड़क पर बांधी गई रस्सी से टकराने के कारण पंजाब पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान हेड कांस्टेबल रणबीर सिंह के रूप में हुई है। वह पंजाब पुलिस की एआरपी (ARP) यूनिट में तैनात थे और बटाला जिले के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह एक्टिवा से अपने घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, वाल्मीकि समाज के प्रदर्शन के कारण भंडारी पुल पर यातायात रोकने के लिए सड़क के दोनों ओर रस्सी बांधी गई थी। इसी दौरान रणबीर सिंह वहां से गुजर रहे थे। उन्हें सड़क पर बंधी रस्सी दिखाई नहीं दी, जिससे उनकी गर्दन रस्सी से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस कर्मियों की मदद से उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ देर पहले उनके घर से फोन आया था कि उनके बेटे को चोट लग गई है। इसी कारण वह जल्द से जल्द घर पहुंचने की कोशिश कर रहे थे।
इस घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारी हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं, साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि यातायात रोकने के लिए किए गए इंतजामों में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।
बता दें कि बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी यूनियनों ने 30 जुलाई को ‘पंजाब बंद’ का आह्वान किया था। बंद के दौरान राज्य के कई जिलों में प्रदर्शन हुए और कई जगहों पर सड़कें जाम कर यातायात रोका गया। इसी दौरान अमृतसर में यह दर्दनाक हादसा सामने आया।



