चंडीगढ़: बरनाला में सफाई सेवकों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में आज पंजाब के कई हिस्सों में सफाई कर्मचारी संगठनों ने बंद का आह्वान किया है। राज्य के कई जिलों में इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। कई जगह बाजार, स्कूल, कॉलेज, मॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे, जबकि कई सामाजिक, धार्मिक और कर्मचारी संगठनों ने भी इस बंद को अपना समर्थन दिया है।
संगठनों का आरोप है कि बरनाला में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और महिलाओं के साथ भी अभद्रता व लाठीचार्ज किया। इसी घटना के विरोध में राज्यव्यापी बंद की घोषणा की गई।
इससे पहले पंजाब सरकार ने कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी और पांच साल की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को नियमित करने की नीति का ऐलान किया था, लेकिन यूनियनों ने इसे पर्याप्त नहीं माना। उनका कहना है कि जब तक 40,000 रुपये मासिक वेतन सहित अन्य मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
इन जिलों में दिखा बंद का असर
लुधियाना, अमृतसर, बठिंडा, होशियारपुर, फाजिल्का, कपूरथला, पटियाला, पठानकोट और गुरदासपुर में बंद का व्यापक असर देखने को मिला। कई बाजारों में दुकानें बंद रहीं और शिक्षण संस्थानों में भी सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुईं।
जालंधर में बाजार रहेंगे खुले
जालंधर में बंद का आह्वान लागू नहीं किया गया है। स्थानीय सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने स्पष्ट किया है कि शहर में बाजार सामान्य रूप से खुले रहेंगे। हालांकि कुछ संगठनों द्वारा शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।
ये सेवाएं रहेंगी जारी
बंद के दौरान अस्पताल, एंबुलेंस, मेडिकल स्टोर और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया है। आयोजकों ने लोगों से शांतिपूर्ण सहयोग करने और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है।



