जालंधर: पीएपी-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जेसी रिसोर्ट के पास गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। फ्लाईओवर पर खड़ी एक खराब बस को बचाने के प्रयास में एक टिप्पर अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। हादसे के समय आसपास मौजूद राहगीर बाल-बाल बच गए, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की सहायता से टिप्पर को हटाया गया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को दोबारा सुचारु कराया गया।
टिप्पर चालक दिलजिंदर सिंह ने बताया कि फ्लाईओवर पर ननकाना साहिब नाम की एक बस खराब होकर खड़ी थी। उनके अनुसार बस चालक ने पीछे कोई चेतावनी बोर्ड या रिफ्लेक्टर नहीं लगाया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे कंटेनर की बस से टक्कर हो गई। कंटेनर से बचने की कोशिश में उनका टिप्पर असंतुलित होकर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा। हादसे में टिप्पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उनकी बाजू में फ्रैक्चर हो गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर पर खड़ी खराब बस के कारण यह हादसा हुआ। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से बस और टिप्पर को हटाकर मार्ग पर यातायात सामान्य कर दिया।



