नेशनल डेस्क: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच केदारनाथ यात्रा जारी है। मंगलवार सुबह कुछ समय के लिए मौसम साफ रहने से श्रद्धालुओं ने बाबा केदारनाथ के दर्शन किए, लेकिन भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और मौसम की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
संभावित भारी बारिश को देखते हुए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। लोगों और तीर्थयात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम से जुड़े आधिकारिक अपडेट पर ही भरोसा करें और जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।
लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण केदारनाथ, बद्रीनाथ समेत ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद प्रशासन की निगरानी में चारधाम यात्रा व्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है। अब तक 14.14 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं।
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि पिछले दिनों भारी बारिश की चेतावनी के चलते यात्रा को कुछ समय के लिए रोका गया था और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया था। मौसम में सुधार के बाद यात्रा को नियंत्रित तरीके से दोबारा शुरू किया गया। प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने, मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



