श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में अमरनाथ यात्रा के दौरान मंगलवार को श्रद्धालुओं से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि करीब 40 यात्रियों को लेकर जा रही बस हरिगनीवान क्षेत्र के एस-मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। हादसे में लगभग 30 श्रद्धालु घायल हुए, जबकि समय पर हुए राहत और बचाव कार्य के चलते बड़ा हादसा टल गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF, प्रशासनिक टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर कंगन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार दो यात्रियों को सिर में चोट आई है, लेकिन सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

वहीं, अमरनाथ यात्रा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। ट्रैक की मरम्मत के चलते मंगलवार को पहलगाम मार्ग से यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई, जबकि बालटाल मार्ग से श्रद्धालुओं के नए जत्थे को सुरक्षा व्यवस्था के बीच पवित्र गुफा की ओर रवाना किया गया।



