अमृतसर: पंजाब पुलिस को सीमा पार तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियार और हेरोइन की तस्करी से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 5 आधुनिक पिस्तौल, 2.015 किलोग्राम हेरोइन और नशा तस्करी से जुड़े ₹5 लाख बरामद किए गए हैं।
शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी सीमा पार से हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे। पुलिस अब इस पूरे रैकेट की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में सक्रिय सीमा पार तस्करी नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि पंजाब को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी सख्ती से जारी रखा जाएगा।



