नई दिल्ली: देशभर में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है और आने वाले दिनों में कई राज्यों में मौसम बिगड़ने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 30 जुलाई तक पंजाब सहित 17 राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में 25 जुलाई और 28 से 30 जुलाई के बीच अच्छी बारिश होने के आसार हैं। 25, 27 और 30 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 28 और 29 जुलाई को कुछ इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून ट्रफ सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बनी हुई है। इसके साथ ही दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से जम्मू तक एक सक्रिय ट्रफ लाइन और मध्य पाकिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश के साथ लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाओं की भी आशंका जताई गई है।

इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और अरुणाचल प्रदेश में भी भारी बारिश और तेज तूफान का खतरा बना हुआ है। कई स्थानों पर 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, बिजली गिरने के समय खुले स्थानों से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।



