Monday, November 9, 2026
HomeLatest Newsअसम में बाढ़ से हालात बेकाबू: 62 लोगों की मौत, 7 लाख...
spot_img

असम में बाढ़ से हालात बेकाबू: 62 लोगों की मौत, 7 लाख से ज्यादा प्रभावित; 56 हजार हेक्टेयर फसल जलमग्न

गुवाहाटी: असम में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद आई बाढ़ ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य में बाढ़ से अब तक 62 लोगों की मौत हो चुकी है। ताजा आपदा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 14 नई मौतें दर्ज की गई हैं। इनमें चराइदेव में 7, शिवसागर में 6 और जोरहाट में 1 व्यक्ति की जान गई। बाढ़ का असर राज्य के 12 जिलों में सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। अब तक 7.05 लाख से अधिक लोग इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हो चुके हैं। 856 गांव बाढ़ के पानी में घिरे हुए हैं और 37 राजस्व सर्किल इसकी चपेट में हैं। वहीं, 56,606 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि जलमग्न होने से किसानों की हजारों एकड़ फसल बर्बाद हो गई है।

सबसे गंभीर स्थिति शिवसागर जिले की है, जहां 3.48 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। इसके अलावा चराइदेव में 1.88 लाख और जोरहाट में 1.26 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से जूझ रहे हैं। गोलाघाट, डिब्रूगढ़, नगांव, होजाई, बिश्वनाथ, धेमाजी, सोनितपुर, कामरूप (मेट्रो) और कार्बी आंगलोंग सहित अन्य जिले भी बाढ़ की मार झेल रहे हैं। राज्य की दिखौ, दिसांग, धानसिरी (दक्षिण) और कुशियारा नदियां अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है।

बाढ़ ने पशुपालन क्षेत्र को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। पिछले 24 घंटों में 17,107 पशु और पोल्ट्री बह गए, जबकि 3.34 लाख से अधिक पशु-पक्षी अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में 363 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र शुरू किए हैं, जहां 1.15 लाख से अधिक लोग शरण लिए हुए हैं। वहीं, 2 लाख से ज्यादा लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा चुकी है।

NDRF, SDRF, भारतीय सेना, वायुसेना और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। पिछले 24 घंटों में करीब 1,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

इस बीच, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने डेरगांव के राहत शिविर का दौरा कर हालात को बेहद चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि नागालैंड और असम में हुई रिकॉर्ड बारिश के कारण कई जिलों में भारी तबाही हुई है। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि यदि बारिश का सिलसिला नहीं थमा तो बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा मृतकों की संख्या में भी बढ़ोतरी होने की आशंका है।

spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img