कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-पांगी मार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण प्राकृतिक हादसे में 13 लोगों की जान चली गई। संसारी-किलाड़-तिंदी-थिरोट सड़क पर कडू नाला और श्योर के बीच गोरना के समीप अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया, जिससे भारी-भरकम चट्टानें गुजर रही एक टाटा सूमो पर आ गिरीं। हादसे में वाहन पूरी तरह मलबे के नीचे दब गया।
पुलिस के मुताबिक, टाटा सूमो कुल्लू से पांगी की ओर जा रही थी और उसमें चालक समेत 13 लोग सवार थे। चट्टानों के गिरने के बाद किसी को भी बचने का मौका नहीं मिला और सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और राहत-बचाव टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। बीआरओ की मशीनों से घंटों तक मलबा हटाया गया, जिसके बाद वाहन तक पहुंच बनाई जा सकी। सभी शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि उदयपुर-किलाड़ मार्ग पहले बंद होने के कारण सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। मार्ग बहाल होने के बाद वे अपने गंतव्य पांगी के लिए रवाना हुए, लेकिन कडू नाला के पास अचानक हुए भूस्खलन ने उनकी यात्रा को दर्दनाक हादसे में बदल दिया।
इस हादसे में जान गंवाने वाले अधिकांश लोग पांगी क्षेत्र के निवासी थे, जबकि कुछ मृतक लाहौल-स्पीति और चंबा जिले से भी थे। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है।



