चंडीगढ़: पंजाब और हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले वाहन चालकों को अब अधिक टोल टैक्स चुकाना होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने 15 जुलाई से राज्य के आठ प्रमुख टोल प्लाजा पर टोल दरों में संशोधन किया है। नई दरों के लागू होने के बाद यात्रियों को वाहन के प्रकार और मार्ग के अनुसार 5 से 10 रुपये तक अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा।
नई दरें चंडीगढ़-खरड़-लुधियाना, अमृतसर-तरनतारन-हरिके-बठिंडा, अबोहर, मौर, पटियाला और संगरूर समेत कई प्रमुख मार्गों पर स्थित टोल प्लाजा पर लागू होंगी। इनमें घुलाल, कोट करोर, कला तिब्बा, शेखपुरा, लहरा बेगा, खुइयां सरवर, कालाझार और पैंड टोल प्लाजा शामिल हैं।
संशोधित शुल्क के अनुसार, अधिकांश टोल प्लाजा पर कार और हल्के मोटर वाहनों (LMV) के लिए एक तरफ का टोल 50 से 115 रुपये और आवागमन (रिटर्न) का शुल्क 70 से 175 रुपये तक तय किया गया है। वहीं, बसों और ट्रकों के लिए एक तरफ का टोल 165 से 390 रुपये और रिटर्न यात्रा के लिए 250 से 585 रुपये तक देना होगा।
एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार, यह बदलाव होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) से जुड़े संशोधित टोल शुल्क ढांचे के तहत किया गया है। पिछले वर्ष कुछ टोल प्लाजा पर शुल्क में कमी की गई थी, जिसे अब नए नियमों के अनुसार दोबारा समायोजित किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश स्थानों पर बढ़ोतरी सीमित रखी गई है।
एनएचएआई ने क्षेत्र के 50 से अधिक टोल प्लाजा पर नई दरें अधिसूचित की हैं। हालांकि, ज्यादातर स्थानों पर टोल शुल्क में केवल मामूली बढ़ोतरी की गई है, जिससे यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ सीमित रहेगा।



