पटियाला: पंजाब पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 अवैध .32 बोर पिस्टल और 30 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि आरोपी फ्लिपकार्ट समेत अन्य डिलीवरी कंपनियों की वर्दी पहनकर हथियारों की सप्लाई करते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। हथियारों को पार्सल बॉक्स और पुराने कार्टनों में पैक कर आम डिलीवरी की तरह घरों तक पहुंचाया जाता था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह मध्य प्रदेश से सस्ते दामों पर हथियार खरीदकर पंजाब में गैंगस्टरों को महंगे दामों पर बेचता था। पुलिस के अनुसार आरोपियों के तार जेल में बंद गैंगस्टर सोनू खत्री से जुड़े हैं और वे राज्य में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
पुलिस टीम ने राजपुरा के बसंतपुरा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के पास कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान होशियारपुर निवासी विशाल और जिंदर उर्फ सागर, उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी सुभाष तथा जालंधर के भर्गव कैंप निवासी बादल के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि चारों युवकों ने कॉलेज की पढ़ाई छोड़कर जल्दी पैसा कमाने के लालच में हथियार तस्करी का रास्ता अपनाया। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने पहले किन-किन लोगों को हथियार सप्लाई किए और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।



