महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते एक असामान्य घटना सामने आई है। पनवेल के चावणे गांव स्थित HPCL के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट में जलभराव होने से बड़ी संख्या में एलपीजी गैस सिलेंडर बहकर पातालगंगा नदी में पहुंच गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब 3,000 सिलेंडर तेज बहाव में बह गए हैं।
बारिश के कारण प्लांट परिसर में पानी तेजी से भर गया, जिससे वहां रखे सिलेंडर बहाव की चपेट में आ गए। अधिकारियों के अनुसार, बहने वाले सिलेंडरों में कुछ गैस से भरे हुए हो सकते हैं, जबकि कई खाली भी हैं। फिलहाल सभी सिलेंडरों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित निकालने का अभियान चलाया जा रहा है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। पुलिस, आपदा प्रबंधन और संबंधित विभागों की टीमें नदी किनारे निगरानी कर रही हैं ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
रायगढ़ प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी स्थान पर बहकर आया गैस सिलेंडर दिखाई दे तो उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और इसकी सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें। किसी भी सिलेंडर को छूने, उठाने या इस्तेमाल करने की कोशिश न करें, क्योंकि उसकी स्थिति और उसमें गैस होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
प्रशासन का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह भी दी गई है।



