मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘गैंग्स्टरां ‘ते वार‘ अभियान के तहत संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। अभियान के 152 दिनों के दौरान एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने राज्यभर में गैंगस्टरों के सहयोगियों से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार, मैगजीन और कारतूस बरामद कर आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। पंजाब पुलिस के अनुसार अभियान शुरू होने से अब तक एजीटीएफ ने 713 अवैध हथियार, 218 मैगजीन और 2,009 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इन बरामदगियों को गैंगस्टरों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने कहा कि गैंगस्टर युवाओं को अपने आपराधिक नेटवर्क में शामिल करने के लिए उन्हें अवैध हथियार उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि समय-समय पर की गई इन बरामदगियों से राज्य में कई संभावित अपराधों को रोकने में मदद मिली है। डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस अवैध हथियारों की तस्करी, सीमा पार तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी दृढ़ता से काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि ये हथियार एजीटीएफ द्वारा चलाए गए विभिन्न सर्च ऑपरेशन और विशेष अभियानों के दौरान बरामद किए गए हैं। अभियान के दौरान अमृतसर ग्रामीण से 92, अमृतसर शहर से 201, फिरोजपुर से 155 और तरनतारन से (30 अप्रैल तक) 243 अवैध हथियार, मैगजीन और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं।
डीजीपी ने बताया कि पिछले महीने राज्यभर में अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए अभियान को और तेज किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि बरामद हथियारों में अत्याधुनिक पिस्तौल से लेकर देसी हथियार तक शामिल हैं। एजीटीएफ अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही है और आने वाले समय में भी गैंगस्टरों तथा उनके सहयोगियों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।



