Monday, November 9, 2026
HomeLatest Newsफर्जी वीडियो और झूठा प्रचार मुझे पंजाब की सेवा से नहीं रोक...
spot_img

फर्जी वीडियो और झूठा प्रचार मुझे पंजाब की सेवा से नहीं रोक सकता, फैसला जनता करेगी: मुख्यमंत्री भगवंत मान

बरनाला: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बरनाला में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि तीनों पारंपरिक राजनीतिक दल पंजाब में हो रहे विकास और आम आदमी पार्टी सरकार को मिल रहे जनसमर्थन से घबराकर उन्हें बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर फर्जी वीडियो और झूठा प्रचार फैलाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन ऐसी मुहिम उन्हें पंजाब और उसके लोगों के लिए काम करने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला जनता करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता की भलाई और राज्य के विकास के लिए लगातार ऐतिहासिक फैसले ले रही है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है, इसलिए वह केवल बेबुनियाद आरोपों और दुष्प्रचार का सहारा ले रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि 1 जुलाई से ‘मांवां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत महिलाओं को वित्तीय सहायता मिलनी शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के खातों में सीधे सहायता राशि भेजी जाएगी। सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये तथा अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाएं भी इस योजना का लाभ ले सकेंगी। उन्होंने कहा कि पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा और इसके लिए सरकार ने बजट में 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

 

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि पंजाब देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने गांवों में हाई-टेंशन बिजली की तारों को भूमिगत करने का प्रोजेक्ट शुरू किया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से बिजली दुर्घटनाओं में कमी आएगी, किसानों को राहत मिलेगी और गांवों का बुनियादी ढांचा अधिक सुरक्षित बनेगा।

 

उन्होंने बताया कि राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली मिल रही है, किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और सरकार ने निजी थर्मल प्लांट खरीदकर ऊर्जा क्षेत्र में भी ऐतिहासिक कदम उठाया है। इसके अलावा किसानों तक सिंचाई सुविधाएं पहुंचाने के लिए 14 हजार किलोमीटर लंबी पाइपलाइन और खालों का निर्माण किया गया है, जिससे भूजल स्तर में भी सुधार दर्ज किया गया है।

विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल ने केवल उन्हें धार्मिक आधार पर बदनाम करने के उद्देश्य से हाथ मिलाया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे वीडियो पूरी तरह फर्जी और मनगढ़ंत हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे दुष्प्रचार पर विश्वास न करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बिजली, पानी, सड़क, सिंचाई और गांवों के विकास जैसे मुद्दों पर पूरी गंभीरता से काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे जितनी साजिशें रचे, लेकिन पंजाब के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जनता ही सच्चाई का फैसला करेगी।

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत पंजाब के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस योजना के तहत अब तक 650 करोड़ रुपये से अधिक का मुफ्त इलाज लोगों को मिल चुका है।

इस अवसर पर लोकसभा सदस्य गुरमीत सिंह मीत हेयर सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img