Monday, November 9, 2026
HomeLatest Newsघर-घर पहुंचे बी.एल.ओ., डिप्टी कमिश्नर ने एस.आई.आर. सर्वे का किया औचक निरीक्षण
spot_img

घर-घर पहुंचे बी.एल.ओ., डिप्टी कमिश्नर ने एस.आई.आर. सर्वे का किया औचक निरीक्षण

जालंधर:
डिप्टी कमिश्नर एवं जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने शुक्रवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.-2026) के तहत चल रहे घर-घर सर्वे अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सर्वेक्षण कार्य का जायजा लिया। उनके साथ एस.डी.एम. जालंधर-1 शुभी आंगरा भी मौजूद रहीं।

दौरे के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें एस.आई.आर.-2026 अभियान के उद्देश्य और प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूचियों को अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) घर-घर जाकर पहले से मुद्रित गणना फॉर्म वितरित कर रहे हैं, जिन्हें आवश्यक दस्तावेजों के साथ भरकर जमा करवाना होगा।

उन्होंने बताया कि भरे हुए फॉर्म की एक हस्ताक्षरित प्रति बी.एल.ओ. अपने पास रखेंगे, जबकि दूसरी प्रति पर बी.एल.ओ. के हस्ताक्षर कर मतदाता को रसीद के रूप में दी जाएगी। यह फॉर्म स्वयं मतदाता या परिवार का कोई भी बालिग सदस्य भरकर जमा कर सकता है। यदि किसी घर पर ताला लगा हो या निवासी उस समय उपलब्ध न हों, तो बी.एल.ओ. कम से कम तीन बार वहां जाकर संपर्क करेंगे।  डिप्टी कमिश्नर ने सर्वेक्षण में लगे बी.एल.ओ. के साथ बैठक कर उन्हें भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।

उन्होंने बताया कि घर-घर सर्वेक्षण 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक चलेगा। जिन मतदाताओं के गणना फॉर्म समय पर प्राप्त हो जाएंगे, उनके नाम 3 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। इस सूची पर 3 अगस्त से 2 सितंबर तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाई जा सकेंगी। इनका निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होगी। अंत में जिला चुनाव अधिकारी ने नागरिकों से समय पर अपने दस्तावेज जमा कराने, मतदाता विवरण की पुष्टि करने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए निर्वाचन आयोग की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1950 पर सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img