आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के महासचिव एवं मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने विपक्षी दलों, विशेषकर शिरोमणि अकाली दल पर फर्जी वीडियो और भ्रामक प्रचार के जरिए लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार के खिलाफ ठोस मुद्दों की कमी के कारण विरोधी दल अब झूठे प्रचार और दुष्प्रचार का सहारा ले रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बलतेज पन्नू ने कहा कि कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल का एकमात्र एजेंडा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को निशाना बनाना रह गया है, क्योंकि वे विकास, सुशासन और जनकल्याण के मुद्दों पर सरकार का मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं, विशेष रूप से महिलाओं के लिए घोषित ‘मावां-धीआं सत्कार योजना’, को मिल रहे व्यापक समर्थन से विपक्षी दलों में बेचैनी बढ़ गई है। इसी कारण वे लोगों के बीच भ्रम फैलाने और सरकार की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। बलतेज पन्नू ने मीडिया के सामने दो वीडियो प्रस्तुत करते हुए कहा कि इनमें से एक मूल वीडियो था, जबकि दूसरा कथित तौर पर संपादित और भ्रामक तरीके से तैयार किया गया वीडियो था। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल ने मुख्यमंत्री के एक कार्यक्रम की वीडियो क्लिप के साथ छेड़छाड़ कर उसे राजनीतिक लाभ के लिए प्रसारित किया।

उन्होंने बताया कि मूल वीडियो फतेहगढ़ साहिब जिले के गांव चनारथल का था, जहां मुख्यमंत्री भगवंत मान महिलाओं से बातचीत कर रहे थे और उनसे ‘मावां-धीआं सत्कार योजना’ के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता के उपयोग संबंधी सुझाव मांग रहे थे। पन्नू ने कहा कि विपक्षी दलों को यह एहसास हो चुका है कि वे विकास कार्यों, प्रशासनिक सुधारों और जनकल्याणकारी योजनाओं के आधार पर चुनावी मुकाबला नहीं कर सकते। इसलिए वे फर्जी वीडियो और गलत सूचनाओं को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के जनसंपर्क कार्यक्रमों को मिल रहे उत्साहजनक जनसमर्थन ने विरोधी दलों की चिंता बढ़ा दी है। जहां भी मुख्यमंत्री पहुंच रहे हैं, वहां लोगों की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिल रही है, जिससे विपक्ष असहज महसूस कर रहा है। महिलाओं के लिए शुरू की जा रही वित्तीय सहायता योजना का जिक्र करते हुए पन्नू ने कहा कि इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और लाभार्थियों को 1 जुलाई से सहायता राशि मिलनी शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि पात्र महिलाओं को पहली किस्त में तीन माह की राशि एक साथ प्रदान की जाएगी तथा इसके लिए आवश्यक बजटीय प्रबंध किए जा चुके हैं।
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के लगातार पंजाब दौरे के बावजूद राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और लंबित मामलों के समाधान को लेकर कोई ठोस पहल देखने को नहीं मिली है। बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब के लोग जागरूक हैं और वे झूठे प्रचार तथा भ्रामक अभियानों से प्रभावित नहीं होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देगी।



