अमृतसर: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब विकास और जनकल्याण की नई राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, कृषि, सिंचाई, सड़क ढांचे और औद्योगिक विकास जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य कर रही है, जिनका लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है।
अमृतसर में पार्टी नेताओं जरनैल सिंह ढोट, सरबजोत सिंह और गुरप्रताप सिंह संधू के साथ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए धालीवाल ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान जनता से किए गए प्रमुख वादों को सरकार ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया है।
उन्होंने कहा कि मुफ्त बिजली की सुविधा पिछले साढ़े चार वर्षों से लगातार जारी है, जिससे लाखों परिवारों को राहत मिली है। स्वास्थ्य क्षेत्र में मोहल्ला क्लीनिकों की स्थापना के साथ-साथ राज्य सरकार ने लोगों को 10 लाख रुपये तक के मुफ्त स्वास्थ्य बीमा की सुविधा भी उपलब्ध कराई है।
शिक्षा क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए धालीवाल ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान उपेक्षित रहे सरकारी स्कूलों में बड़े स्तर पर सुधार किए गए हैं। स्कूल भवनों, कक्षाओं, शौचालयों, आधुनिक प्रयोगशालाओं और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया गया है, जिससे शिक्षा का स्तर बेहतर हुआ है।
रोजगार के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के पूरी तरह मेरिट के आधार पर करीब 68 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
कृषि और सिंचाई के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए धालीवाल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान गेहूं सीजन के दौरान पंजाब के अधिकांश हिस्सों में किसानों को नहरी पानी उपलब्ध कराया गया है और जहां अभी यह सुविधा नहीं पहुंची है, वहां भी तेजी से काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 1 जुलाई से महिलाओं के लिए एक नई कल्याणकारी योजना शुरू की जाएगी, जिसके तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को प्रति माह 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।
कुलदीप धालीवाल ने विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास पंजाब के विकास के लिए कोई स्पष्ट एजेंडा या दृष्टि नहीं है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता विकास और जनहित की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है तथा सरकार की नीतियों और कार्यों पर अपना भरोसा जता रही है।



