जालंधर: अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी. ने 28 जून से शुरू होने वाले तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो रोधी खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अभियान को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संचालित करने पर जोर दिया। जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में आयोजित जिला टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ अभियान की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों तक पोलियो रोधक बूंदें पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।

दिव्या पी. ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हाई-रिस्क क्षेत्रों, झुग्गी-झोपड़ियों, स्लम एरिया, औद्योगिक क्षेत्रों, ईंट भट्टों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि वहां रहने वाले सभी बच्चों को पोलियो की खुराक समय पर मिल सके। उन्होंने बताया कि 28 जून को जिलेभर में स्थापित पोलियो बूथों पर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधक बूंदें पिलाई जाएंगी। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को खुराक देंगी, जो पहले दिन किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।

अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने जिले के लोगों से अपील की कि वे इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें और अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधक बूंदें अवश्य पिलाएं, ताकि उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। बैठक के दौरान सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 2,203 टीमों का गठन किया गया है। इनमें 2,107 घर-घर जाकर कार्य करने वाली टीमें, 66 मोबाइल टीमें और 30 ट्रांजिट टीमें शामिल हैं। ये टीमें जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के 5,41,258 घरों तक पहुंचकर लगभग 1,96,657 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक प्रदान करेंगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिले के 715 हाई-रिस्क क्षेत्रों को भी विशेष रूप से कवर किया जाएगा। इसके अलावा निगरानी और समन्वय के लिए 267 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है। बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सिमरनजीत कौर सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।



