चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भाजपा पर अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय के नेताओं के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के हालिया पंजाब दौरे के दौरान आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी की दलित समुदाय के प्रति मानसिकता खुलकर सामने आ गई। आप पंजाब एससी विंग के चेयरमैन गुरप्रीत सिंह जीपी के साथ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए चीमा ने कहा कि भाजपा के एक कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला और सोम प्रकाश जैसे वरिष्ठ एससी नेताओं को मंच पर स्थान नहीं दिया गया, जबकि अन्य नेताओं को मंच पर बैठाया गया। उन्होंने इसे अनुसूचित जाति समुदाय का अपमान बताते हुए कहा कि यह भाजपा की भेदभावपूर्ण सोच को दर्शाता है।

चीमा ने आरोप लगाया कि भाजपा केवल एक विशेष और संपन्न वर्ग को प्राथमिकता देती है, जबकि दलितों, मजदूरों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के प्रतिनिधियों को नजरअंदाज किया जाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब की लगभग 34 प्रतिशत आबादी अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित है और यह वर्ग भाजपा के इस रवैये को अच्छी तरह समझता है। उन्होंने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि अनुसूचित जातियों और जनजातियों के खिलाफ दर्ज अपराधों का बड़ा हिस्सा भाजपा शासित राज्यों से सामने आया है। उनके अनुसार यह आंकड़े सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने में भाजपा सरकारों की विफलता को दर्शाते हैं।

वित्त मंत्री ने कहा कि जिन नेताओं ने वर्षों तक भाजपा की सेवा की और अनुसूचित जाति समुदाय की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया, उन्हें अपने ही दल के कार्यक्रम में उचित सम्मान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इस घटना ने भाजपा के भीतर दलित नेतृत्व की स्थिति को उजागर कर दिया है। चीमा ने कहा कि पंजाब के लोग सामाजिक भेदभाव और विभाजन की राजनीति को स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का पंजाब, किसान और दलित समुदाय के प्रति रवैया लगातार नकारात्मक रहा है और अब इसका वास्तविक चेहरा जनता के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग समानता, सम्मान और सामाजिक न्याय की राजनीति में विश्वास रखते हैं तथा भविष्य में भी ऐसे मुद्दों पर अपना लोकतांत्रिक जवाब देंगे।



