Monday, November 9, 2026
HomeLatest Newsजालंधर में 25 जून से घर-घर पहुंचेगा चुनाव अमला, 24 जुलाई तक...
spot_img

जालंधर में 25 जून से घर-घर पहुंचेगा चुनाव अमला, 24 जुलाई तक मतदाताओं को भरने होंगे एनुमरेशन फॉर्म

जालंधर, 24 जून: भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-2026) के तहत जालंधर जिले में 25 जून से व्यापक घर-घर सर्वेक्षण अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) 24 जुलाई तक प्रत्येक मतदाता के घर पहुंचकर एनुमरेशन फॉर्म वितरित करेंगे और उन्हें भरवाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। डिप्टी कमिश्नर एवं जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि प्रत्येक मतदाता को पूर्व-प्रिंटेड एनुमरेशन फॉर्म की दो प्रतियां दी जाएंगी। एक प्रति भरकर हस्ताक्षर सहित BLO को जमा करानी होगी, जबकि दूसरी प्रति रसीद के तौर पर मतदाता के पास रहेगी, जिस पर BLO के हस्ताक्षर होंगे। उन्होंने बताया कि फॉर्म मतदाता स्वयं या परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य भर सकता है। यदि किसी घर पर ताला लगा मिलता है या मतदाता उपलब्ध नहीं होता, तो BLO कम से कम तीन बार वहां जाकर संपर्क स्थापित करने का प्रयास करेगा।

 

जिला चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट किया कि SIR-2026 के तहत सभी पंजीकृत मतदाताओं के लिए यह फॉर्म भरना अनिवार्य है। जिन मतदाताओं के फॉर्म जमा हो जाएंगे, उनके नाम 3 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 3 अगस्त से 2 सितंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि 28 सितंबर तक उनका निपटारा किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 1 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। पूरे अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों में अतिरिक्त चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा 1,926 बूथ लेवल अधिकारी, 189 सुपरवाइजर और अन्य चुनाव कर्मियों को मैदान में उतारा गया है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी इस प्रक्रिया में सहयोग करेंगे ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। डीसी वरजीत वालिया ने लोगों से अपील की कि वे मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर फैलाई जा रही किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि किसी भी जानकारी या सहायता के लिए निर्वाचन आयोग के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जालंधर जिले में वर्तमान में कुल 16,49,946 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 8,49,320 पुरुष, 8,00,571 महिलाएं और 55 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। वहीं, प्री-SIR गतिविधियों के तहत वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ मौजूदा सूची के 82 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का कार्य भी पूरा किया जा चुका है।

spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img