जालंधर : शहर के जमशेर इलाके में मंगलवार को कमिश्नरेट पुलिस और एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस और आरोपी के बीच हुई क्रॉस फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी BMS फैशन शोरूम पर हुई फायरिंग और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में वांछित था।
जानकारी के अनुसार, BMS फैशन शोरूम पर फायरिंग की घटना के बाद शोरूम मालिक से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मामले का मास्टरमाइंड नवल उर्फ बिल्ला फरार चल रहा था। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के निर्देश पर कमिश्नरेट पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान CIA स्टाफ को गुप्त सूचना मिली कि वांछित आरोपी जमशेर क्षेत्र में मौजूद है। इसके आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर उसे काबू कर लिया। आरोपी को दो दिन पहले गिरफ्तार कर अदालत से रिमांड पर लिया गया था।

डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल किया गया मोटरसाइकिल छिपाकर रखने की जानकारी दी थी। मंगलवार को जब CIA स्टाफ की टीम आरोपी को बरामदगी के लिए मौके पर लेकर पहुंची, तो उसने वहां छिपाकर रखी गई पिस्टल निकालकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। डीसीपी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे विदेशों में बैठे ऐसे असामाजिक तत्वों से दूर रहें, जो लालच देकर युवाओं को अपराध के रास्ते पर धकेलकर उनका भविष्य बर्बाद कर रहे हैं।



