नवांशहर : मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब के दिशा-निर्देशों के तहत मतदाता सूचियों के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण-2026’ को लेकर जिला चुनाव अधिकारी एवं डिप्टी कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने और राजनीतिक दलों के सहयोग से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि 25 जून 2026 से शुरू होने वाले इस विशेष अभियान के तहत जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे। इस दौरान प्रत्येक मतदाता को ‘इन्यूमिरेशन फॉर्म’ (EF) उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे भरवाने के बाद संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कराया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि 23 और 24 जून को बीएलओ अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ बैठकें कर रहे हैं। इन बैठकों में मैप्ड और अन-मैप्ड मतदाताओं से संबंधित जानकारी साझा की जा रही है।
इसके अलावा, जिन मतदाताओं का नाम अभी तक वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ मैप नहीं हो पाया है, उन्हें आवश्यक जानकारी और हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा सके।



