फरीदकोट के गांव पंजगराईं कलां में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब को पिछली सरकारों ने नशे, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की ओर धकेला, जबकि मौजूदा सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और महिला कल्याण योजनाओं के जरिए राज्य को नई दिशा देने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब और इसके लोगों के साथ विश्वासघात करने वालों की हर करतूत जनता के सामने लाई जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने वाले बादल परिवार ने प्रदेश के हितों को नुकसान पहुंचाया और राजनीतिक स्वार्थ के लिए लोगों को गुमराह किया।

भगवंत मान ने कहा कि अब पंजाब में पारदर्शी शासन का दौर है और युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 67,500 से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 90 प्रतिशत से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है और किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब सरकार सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल केवल लोगों की भलाई के लिए कर रही है।

स्वास्थ्य क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है और अब तक लोग इस योजना के तहत 650 करोड़ रुपये से अधिक का मुफ्त इलाज प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि ‘मांवां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत 1 जुलाई से 18 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह सीधे उनके बैंक खातों में भेजे जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पवित्रता बनाए रखना सभी का साझा दायित्व है और इस दिशा में पंजाब सरकार द्वारा उठाए गए कदमों को दुनिया भर में सराहा जा रहा है। इस अवसर पर पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां समेत कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।



