जालंधर में एक बार फिर गोली चलने की घटना सामने आने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। वेरका मिल्क प्लांट से सलेमपुर रोड पर स्थित एक होम्योपैथिक क्लीनिक के शटर पर गोली का निशान मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना का पता उस समय चला जब सोमवार सुबह क्लीनिक मालिक दुकान खोलने पहुंचे। सुबह करीब 11 बजे उनकी नजर शटर पर बने गोली के निशान पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत थाना-1 पुलिस को सूचना दी।

क्लीनिक मालिक ने बताया कि उनका किसी के साथ कोई विवाद नहीं है और न ही उन्हें किसी तरह की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही थाना-1 की पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली कब और किसने चलाई।



