Monday, November 9, 2026
HomeLatest Newsमुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ कथित दुष्प्रचार पर 'आप' का पलटवार, पूरे...
spot_img

मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ कथित दुष्प्रचार पर ‘आप’ का पलटवार, पूरे पंजाब में विरोध प्रदर्शन

चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित फर्जी वीडियो के विरोध में आम आदमी पार्टी ने शनिवार को पूरे पंजाब में राज्य स्तरीय प्रदर्शन किए। पार्टी नेताओं ने शिरोमणि अकाली दल समेत विपक्षी दलों पर झूठे प्रचार के जरिए मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने और प्रदेश के सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

मोहाली, फरीदकोट, बरनाला, मानसा, कपूरथला, मोगा और बादल सहित कई जिलों में हुए प्रदर्शनों में पार्टी के मंत्री, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान विरोधी दलों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है और प्रदेश में भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।

मोहाली में मीडिया से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिससे विपक्षी दल बेचैन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण मुख्यमंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया पर भ्रामक और मनगढ़ंत सामग्री प्रसारित की जा रही है।

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि राज्य सरकार ने अब तक करीब 44 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का विस्तार, सड़कों के निर्माण और सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसी कई विकास योजनाओं को तेजी से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ भी मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब की शांति, विकास और सामाजिक भाईचारे को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश का डटकर मुकाबला करेगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि पंजाब के लोग झूठे प्रचार और दुष्प्रचार से गुमराह होने वाले नहीं हैं और विकास की राजनीति के साथ मजबूती से खड़े हैं। ‘आप’ नेताओं के अनुसार, प्रदेशभर में किए गए ये प्रदर्शन कथित दुष्प्रचार के खिलाफ जनता के बीच सच्चाई रखने और पंजाब के हितों के खिलाफ किसी भी साजिश का विरोध करने के उद्देश्य से आयोजित किए गए।

spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img