चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने युवाओं को रोजगार देने की दिशा में एक अहम फैसला लेते हुए पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) में 2,437 अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं को सहायक लाइनमैन (एएलएम) के पद पर नियुक्त करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत यह कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि पीएसपीसीएल के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने पंजाब के एडवोकेट जनरल की सलाह के आधार पर भर्ती प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है। चयनित होने वाले प्रशिक्षु वर्तमान में पीएसपीसीएल और पंजाब स्टेट ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसटीसीएल) में लाइनमैन ट्रेड में अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण ले रहे हैं।

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि इस फैसले से प्रशिक्षुओं की लंबे समय से लंबित मांग पूरी होगी और राज्य सरकार के रोजगार सृजन के संकल्प को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की प्राथमिकताओं में शामिल है और सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। वित्त मंत्री ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों के लिए पंजाबी भाषा की अनिवार्य परीक्षा एक बार की विशेष छूट के रूप में आयोजित की जाएगी। परीक्षा से संबंधित कार्यक्रम और अन्य जानकारियां पीएसपीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि अप्रैल 2022 से अब तक पीएसपीसीएल और पीएसटीसीएल में कुल 9,627 लोगों को रोजगार दिया जा चुका है। इनमें 8,048 नियुक्तियां सीधी भर्ती के माध्यम से की गई हैं, जबकि 1,579 लोगों को तरस के आधार पर नौकरी मिली है। इसके अलावा लगभग 3,000 अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, जिसे नवंबर 2026 तक पूरा किए जाने की उम्मीद है। हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराकर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाना और उन्हें सामाजिक बुराइयों से दूर रखना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार युवाओं से किए गए रोजगार संबंधी वादों को लगातार पूरा कर रही है।
इस दौरान बिजली विभाग के प्रशासनिक सचिव एवं पीएसपीसीएल के चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. बसंत गर्ग भी उपस्थित रहे।



