चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने विधवा एवं निराश्रित महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मई माह तक 305 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता जारी की है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि राज्यभर में 6.91 लाख से अधिक महिलाएं इस पेंशन योजना का लाभ प्राप्त कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार हर जरूरतमंद महिला तक सामाजिक सुरक्षा का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। यह योजना महिलाओं को न केवल आर्थिक सहारा दे रही है, बल्कि उन्हें सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ जीवन जीने का अवसर भी प्रदान कर रही है।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 1,200 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है, ताकि अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण ही समृद्ध समाज की आधारशिला है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 58 वर्ष से कम आयु की विधवा एवं निराश्रित महिलाएं इस योजना का लाभ लेने की पात्र हैं। इसके अलावा 30 वर्ष या उससे अधिक आयु की अविवाहित महिलाएं भी योजना के तहत आवेदन कर सकती हैं। लाभ प्राप्त करने के लिए परिवार की वार्षिक आय 60 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार महिलाओं के कल्याण, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन के लिए प्रतिबद्ध है तथा समाज के कमजोर वर्गों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाकर एक समावेशी और संवेदनशील पंजाब के निर्माण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।



