जालंधर: अवतार नगर में दुकान के बाहर सामान रखने को लेकर पंजाब गोशाला कमीशन के वाइस चेयरमैन कीमती लाल भगत और दुकानदार के बीच विवाद का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गली से कार निकालने में परेशानी के बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई।
जानकारी के अनुसार, दुकान के बाहर कोल्ड ड्रिंक की पेटियां, नमकीन के पैकेट और अन्य सामान रखा हुआ था। कार को रास्ता देने के लिए सामान हटाने की बात कही गई, लेकिन इसी दौरान विवाद बढ़ गया। मौके पर मौजूद गनमैन ने भी दुकानदार से सामान हटाने को कहा।
आरोप है कि दुकानदार के बाहर नहीं आने पर कीमती लाल भगत ने खुद दुकान के बाहर रखा सामान उठाकर सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। देखते ही देखते कोल्ड ड्रिंक की पेटियां और अन्य सामान सड़क पर बिखर गया।
सामान सड़क पर फैलने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर सामान हटाया और रास्ता साफ करवाया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए।
मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस होने की बात सामने आई है। विवाद की पूरी वजह और मामले में किसी पुलिस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।



