जालंधर: शहर में बढ़ते अपराध और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, IPS की अध्यक्षता में हुई अपराध समीक्षा बैठक में शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान लंबित आपराधिक मामलों, फरार और वांछित आरोपियों, नशा तस्करी, चोरी-डकैती तथा साइबर अपराध से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गंभीर मामलों की जांच में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए और लंबित मामलों का जल्द कानूनी निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा होगी और कड़ी
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए जालंधर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रमुख बाजारों, संवेदनशील इलाकों और महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ नियमित गश्त और नाकाबंदी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच बढ़ाने के अलावा पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
112 पर शिकायत मिलते ही कार्रवाई के निर्देश
बैठक में पुलिस सहायता से जुड़ी शिकायतों को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन और सेफ पंजाब हेल्पलाइन 97791-00200 पर मिलने वाली शिकायतों पर बिना देरी कार्रवाई करने तथा जरूरतमंद लोगों तक समय पर पुलिस सहायता पहुंचाने को कहा गया।
साइबर ठगी के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज होगा
साइबर अपराधों पर रोक लगाने के लिए लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड से बचाने संबंधी जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। पुलिस को साइबर ठगी के मामलों में तेजी से कार्रवाई करने और लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जालंधर में अपराध पर नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस टीमों को सक्रिय रहकर काम करने और शहर में सुरक्षित माहौल बनाए रखने के निर्देश दिए।



