चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई। तीसा-बैरागढ़ सड़क मार्ग पर चालुज मोड़ के पास यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस बैरागढ़ से चंबा की तरफ जा रही थी। चालुज मोड़ के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 15 से 20 यात्री मौजूद थे।
मृतकों में 4 पुरुष और 3 महिलाएं
इस हादसे में सात यात्रियों की मौत हुई है। मृतकों में चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, बस चालक और परिचालक की भी हादसे में मौत हो गई।
दुर्घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल सिविल अस्पताल तीसा ले जाया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य की निगरानी शुरू की।
फिलहाल हादसे की सही वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।



