हिमाचल प्रदेश में अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब पर्यटकों से भरी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर चंद्रा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल से टकरा गई।
मृतक की पहचान राजस्थान के सीकर निवासी 34 वर्षीय कैलाश के रूप में हुई है। वहीं हादसे में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर निवासी आदित्य, राजस्थान के सीकर निवासी राजेंद्र और वाहन चालक सिद्धार्थ घायल हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी पर्यटक मंगलवार रात मनाली से लाहौल की ओर जा रहे थे। रात करीब 10 बजे अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद वाहन चालक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद स्कॉर्पियो सड़क से नीचे की ओर चली गई और निर्माणाधीन पुल से जा टकराई।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि चालक अधिक गति के कारण वाहन को मोड़ पर नियंत्रित नहीं कर सका, जिससे यह दुर्घटना हुई।
सिस्सू थाना प्रभारी मुकेश राठौर ने बताया कि घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।
पुलिस ने पर्यटकों से विशेषकर मानसून के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में रात के समय यात्रा करने और ओवरस्पीडिंग से बचने की अपील की है, क्योंकि इस दौरान सड़कें फिसलन भरी होती हैं और दृश्यता भी कम रहती है।



